बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी से मुंबई जा रही बनारस-मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस मंगलवार रात एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। प्रयागराज मंडल के इरादतगंज और लिंक स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर लोहे का पाइप पड़ा मिला, जिसे समय रहते लोको पायलट ने देख लिया और इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात करीब 9 बजे की है। ट्रैक पर पाइप दिखाई देते ही लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोक दी और इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने ट्रैक से पाइप हटाया, जिसके कुछ ही मिनट बाद ट्रेन को मुंबई के लिए रवाना कर दिया गया।
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवम शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाइप जंग लगा और खोखला मिला है। आशंका है कि इसे किसी ने जानबूझकर रेलवे ट्रैक पर फेंका था।
घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पाइप ट्रैक पर कैसे पहुंचा और इसके पीछे किसका हाथ है।