बनारस न्यूज डेस्क: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती गौ माता की रक्षा के संकल्प के साथ लखनऊ पहुंच चुके हैं। वे वाराणसी से ‘गौ प्रतिष्ठा धर्म युद्ध’ का ऐलान करते हुए यात्रा शुरू की थी। वाराणसी से निकलकर वह उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों से होते हुए लखनऊ पहुंचे हैं, जहां 11 मार्च को गौ रक्षा को लेकर एक सभा आयोजित की जाएगी।
शंकराचार्य के काशी स्थित विद्या मठ के मीडिया प्रभारी संजय पांडे ने बताया कि इस संकल्प को देशभर के धर्माचार्यों, गौ भक्तों और सनातन धर्म के अनुयायियों का समर्थन मिल रहा है। शंकराचार्य की इस यात्रा के समर्थन में वाराणसी में भी धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि लखनऊ में सभा के साथ-साथ काशी में भी समर्थन स्वरूप शंखनाद किया जाएगा। वाराणसी के अस्सी घाट पर दोपहर 2 बजे शंखनाद कर मां गंगा से शंकराचार्य के संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना की जाएगी। इस दौरान गंगा तट पर जयघोष भी किया जाएगा।
शंकराचार्य ने अपनी यात्रा 7 मार्च को काशी से शुरू की थी। यात्रा के दौरान वे संकट मोचन हनुमान मंदिर और चिंतामणि गणेश मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद वह जौनपुर, सुल्तानपुर और सीतापुर होते हुए लखनऊ पहुंचे। अब 11 मार्च को होने वाली सभा में गौ रक्षा को लेकर उनके आगे के संदेश और रणनीति पर सभी की नजरें टिकी हैं।