ताजा खबर

वाराणसी के स्कूल में हैवानियत का आरोप, पेशाब करने पर 5 साल के बच्चे के निजी अंग को गर्म चाकू से दागने का मामला

Photo Source : Google

Posted On:Monday, July 27, 2026

बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी के एक निजी स्कूल में नर्सरी के पांच वर्षीय छात्र के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि शौचालय जाने की अनुमति नहीं मिलने पर बच्चे के कपड़ों में पेशाब हो गया, जिसके बाद शिक्षिका ने गर्म चाकू से उसके निजी अंग को दाग दिया। मामले में पुलिस ने शिक्षिका, स्कूल की प्रिंसिपल और प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बच्चे के पिता केसरी जायसवाल, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि उनका बेटा पांडेयपुर स्थित सरीन सोनी प्ले स्कूल में नर्सरी का छात्र है। 24 जुलाई को स्कूल से लौटने के बाद उसने निजी अंग में दर्द की शिकायत की। जांच करने पर उसकी मां को वहां फफोला दिखाई दिया।

परिजनों का आरोप है कि बच्चे ने शौचालय जाने की अनुमति मांगी थी, लेकिन इजाजत नहीं मिलने के कारण उसके कपड़ों में पेशाब हो गया। इसके बाद शिक्षिका प्रीति कुशवाहा उसे दूसरे कमरे में ले गईं और गैस पर चाकू गर्म कर उसके निजी अंग को दाग दिया।

बच्चे के पिता का कहना है कि 25 जुलाई को उन्होंने पत्नी और बेटे के साथ स्कूल पहुंचकर प्रिंसिपल और प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस का सहारा लिया।

पुलिस ने शिक्षिका, स्कूल की प्रिंसिपल और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इनमें स्वेच्छा से चोट पहुंचाने, खतरनाक साधन से चोट पहुंचाने और आपराधिक धमकी जैसी धाराएं शामिल हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


बनारस और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. banarasvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.