बनारस न्यूज डेस्क: भारत 4 और 5 जून को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में BRICS संस्कृति कार्य समूह (Culture Working Group) की दूसरी बैठक की मेजबानी करेगा। इस संबंध में नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने जानकारी दी। दो दिवसीय यह बैठक सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देने और सदस्य देशों के बीच बहुपक्षीय संवाद को मजबूत करने का मंच बनेगी।
संस्कृति सचिव के अनुसार, यह बैठक भारत की BRICS 2026 थीम — “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” — के अनुरूप आयोजित की जा रही है। बैठक में सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा और सदस्य देशों के बीच सहयोग के नए आयाम तलाशे जाएंगे।
BRICS 2026 संस्कृति कार्य समूह की चर्चाएं तीन प्रमुख विषयों पर केंद्रित रहेंगी। इनमें रचनात्मक अर्थव्यवस्था और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण तथा संस्कृति और सतत विकास शामिल हैं। इन विषयों पर सदस्य देश अपने अनुभव साझा करेंगे और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा करेंगे।