पाकिस्तान के अवैध कब्ज़े वाले कश्मीर (PoJK) में आयोजित विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ (PML-N) ने अपना दबदबा कायम रखा है। मुज़फ़्फ़राबाद संभाग की 9 और 12 शरणार्थी सीटों सहित कुल 21 सीटों पर हुए मतदान के अनौपचारिक व अनंतिम नतीजों में घोषित 18 सीटों में से पीएमएल-एन ने 13 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं बिलावल भुट्टो जरदारी की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) 5 सीटों पर ही जीत हासिल कर सकी है। मतगणना का दौर जारी है और शेष सीटों पर आधिकारिक नतीजों का इंतजार किया जा रहा है।
प्रारंभिक परिणाम रुझानों के अनुसार, मुज़फ़्फ़राबाद-6 (LA-32) सीट से पीएमएल-एन के वरिष्ठ नेता राजा मोहम्मद फ़ारूक हैदर ने 21,156 मत प्राप्त कर बड़ी जीत दर्ज की। इसी प्रकार जम्मू-1 (LA-34) और जम्मू-6 (LA-39) सीटों पर भी पीएमएल-एन उम्मीदवारों का कब्जा रहा। दूसरी ओर, पीपीपी प्रत्याशी मियां अब्दुल वहीद ने नीलम वैली-2 (LA-26) सीट पर 17,466 वोट हासिल कर पीएमएल-एन के शाह गुलाम कादिर को पराजित किया। चुनावी प्रक्रिया में मतदाताओं की भारी भागीदारी को देखते हुए प्रांतीय चुनाव आयोग को मतदान का समय एक घंटे तक बढ़ाना पड़ा था।
चुनावी नतीजों के साथ ही क्षेत्र में राजनीतिक तनाव भी गहरा गया है। पीपीपी अध्यक्ष बिलावल भुट्टो ने आरोप लगाया है कि मतदान के दौरान प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग कर धांधली की गई और विपक्षी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया गया। उन्होंने लाहौर और मुज़फ़्फ़राबाद के विभिन्न बूथों पर हिंसा की घटनाओं का जिक्र करते हुए चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। हालांकि, पीएमएल-एन नेतृत्व और सरकारी सलाहकारों ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है और कहा है कि जनमत ने विकास और स्थिरता के पक्ष में अपना स्पष्ट फैसला सुनाया है।