बनारस न्यूज डेस्क: वाराणसी के घाटों की मिट्टी में कुछ ऐसा जादू है कि यहाँ की गलियों में घूमने वाला हर शख्स खुद में एक 'किस्सा' बन जाता है। इन दिनों सोशल मीडिया पर बनारस के एक टूर गाइड 'दीप' का वीडियो जबरदस्त सुर्खियां बटोर रहा है, जो जापानी पर्यटकों के साथ उनकी अपनी भाषा में न केवल संवाद कर रहे हैं, बल्कि अपनी सादगी और दर्शन से उनका दिल भी जीत रहे हैं।
मुंशी घाट का वायरल वीडियो:
यह वीडियो मुंशी घाट का बताया जा रहा है, जहाँ दीप एक जापानी पर्यटक Sukedai के साथ पूरी सहजता से जापानी भाषा में बात करते दिख रहे हैं। वीडियो की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे अब तक 1.2 मिलियन (12 लाख) से अधिक व्यूज मिल चुके हैं।
अतिथि देवो भव: का अनूठा अंदाज:
वीडियो में दीप की बातें केवल भाषा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे भारतीय संस्कृति के 'आतिथ्य' और जीवन के 'दर्शन' को भी दर्शाती हैं। जापानी से अंग्रेजी में किए गए अनुवाद के अनुसार, दीप कहते हैं:
"मेरे लिए पैसा सबसे बड़ी चीज नहीं है, लोग जरूरी हैं। मैं यह पैसा मरने के बाद अपने साथ ऊपर नहीं ले जाऊंँगा।"
वे आगे पर्यटकों से कहते हैं कि अगर उनका व्यवहार अच्छा रहेगा, तो पर्यटक दोबारा भारत आएंगे और यही उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। आखिर में वे मजाकिया लहजे में इसे इंस्टाग्राम पर डालने की बात भी कहते हैं।
जापान तक पहुँची गूँज:
इस वीडियो ने न केवल भारतीयों को प्रभावित किया है, बल्कि जापानी नागरिकों के बीच भी हलचल मचा दी है। कई जापानी यूजर्स ने कमेंट करते हुए भारत आने की इच्छा जताई है। वहीं, भारतीय यूजर्स का कहना है कि "बनारसी लहजे में जापानी भाषा सुनना एक अलग ही अनुभव है।"
यह वीडियो इस बात का प्रमाण है कि एक अच्छा गाइड केवल रास्ता नहीं दिखाता, बल्कि वह अपनी भाषा और व्यवहार से दो संस्कृतियों के बीच एक मजबूत पुल बनाने का काम भी करता है।