ताजा खबर

महाशिवरात्रि पर मलेशियाई मंदिरों की भेंट पहुँची श्री काशी विश्वनाथ धाम

Photo Source : Google

Posted On:Saturday, February 14, 2026

बनारस न्यूज डेस्क: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में विदेशों से भी आस्था की अनूठी झलक देखने को मिली। शुक्रवार को मलेशिया के विभिन्न मंदिरों की ओर से भगवान काशी विश्वनाथ के चरणों में श्रद्धा-भेंट अर्पित की गई। मलेशियाई उच्चायोग कार्यालय से आईं शमीला पेरुगन, जो आर्थिक मामलों के मंत्री प्रभाग की प्रतिनिधि हैं, ने इन पवित्र उपहारों को औपचारिक रूप से मंदिर प्रशासन को सौंपा।

श्री काशी विश्वनाथ टेंपल ट्रस्ट ने इस वर्ष महाशिवरात्रि के अवसर पर एक विशेष आध्यात्मिक पहल की शुरुआत की है। इसके तहत देश-विदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों और मंदिरों से पवित्र भेंट और पूजन सामग्री भगवान श्री विश्वेश्वर महादेव को अर्पित करने की परंपरा स्थापित की जा रही है। मलेशिया स्थित मंदिरों से भेजी गई पूजा सामग्री और अन्य पवित्र वस्तुओं को श्रद्धापूर्वक स्वीकार किया गया। यह अवसर वैश्विक स्तर पर सनातन धर्म के प्रति अटूट आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बना।

इसी क्रम में चार दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव के तहत तीसरे दिन आयोजित सांस्कृतिक संध्या का समापन गुरुवार शाम अत्यंत गरिमामय और शिवमय वातावरण में हुआ। श्रद्धालुओं और दर्शकों ने भक्ति, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों का भाव-विभोर होकर आनंद लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध कलाकार सुप्रिया शाह के मधुर सितार वादन से हुई, जिनका साथ तबले पर विभाष महाराज ने दिया। इसके बाद रंजना राय ने लोकगायन की मनमोहक प्रस्तुति दी। फिर सौरभ मिश्रा और गौरव मिश्रा ने अपने ऊर्जावान कथक नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंत में शनि मिश्रा ने भगवान शिव पर आधारित भजन प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।


बनारस और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. banarasvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.