बनारस न्यूज डेस्क: परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक की वार्षिक परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गई हैं। ये परीक्षाएं 16 मार्च से 20 मार्च तक आयोजित की जा रही हैं। कक्षा एक के विद्यार्थियों की परीक्षा पूरी तरह मौखिक हो रही है, जबकि कक्षा छह, सात और आठ के छात्रों को सभी विषयों की लिखित परीक्षा देनी होगी। वहीं कक्षा दो से पांच तक के छात्रों के लिए कुछ विषयों की मौखिक और कुछ की लिखित परीक्षा कराई जा रही है।
एडी बेसिक वाराणसी मंडल हेमंत राव के अनुसार मंडल के चार जिलों वाराणसी, चंदौली, जौनपुर और गाजीपुर के कुल 6556 परिषदीय विद्यालयों में 8,14,298 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इनमें वाराणसी के 1144 स्कूलों में 1,52,505 विद्यार्थी, गाजीपुर के 2266 विद्यालयों में 2,05,984 विद्यार्थी, चंदौली के 1185 स्कूलों में 1,61,716 विद्यार्थी और जौनपुर के 2807 विद्यालयों में 2,94,093 छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं।
बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि कक्षा एक के लिए मौखिक परीक्षा निर्धारित है, जबकि कक्षा दो से आठ तक के छात्रों के लिए लिखित और मौखिक दोनों प्रकार की परीक्षाएं होंगी। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक होगी।
परीक्षा व्यवस्था के अनुसार कक्षा दो और तीन में 50 प्रतिशत मूल्यांकन मौखिक होगा। कक्षा चार और पांच में 70 प्रतिशत लिखित और 30 प्रतिशत मौखिक अंकों के आधार पर परिणाम तैयार किया जाएगा। कक्षा छह से आठ तक सभी विषयों की लिखित परीक्षा होगी, जिसका पूर्णांक 50 अंक रखा गया है। हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, पर्यावरणीय शिक्षा, खेल एवं शारीरिक शिक्षा, कला/संगीत, संस्कृत/उर्दू, नैतिक शिक्षा तथा बेसिक क्राफ्ट, कृषि और गृहशिल्प जैसे विषयों की परीक्षा कराई जा रही है। इसके अलावा 11 सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का भी मूल्यांकन होगा, जिनमें विद्यार्थियों को अंक के बजाय श्रेणी प्रदान की जाएगी।