दुनिया में कुछ लोग जिंदगी भर रिकॉर्ड्स और शोहरत के पीछे भागते हैं, लेकिन कुछ ऐसे भी होते हैं जो सब कुछ हासिल करने के बाद अचानक इस दौड़ से खुद को पूरी तरह अलग कर लेते हैं। स्पेन के पूर्व मोटो2 रेसर एक्सेल पॉन्स की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। दो बार के 250cc वर्ल्ड चैंपियन सीटो पॉन्स के बेटे एक्सेल कभी ट्रैक पर 200 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से बाइक दौड़ाया करते थे। लेकिन आज वह नंगे पांव, पीठ पर एक साधारण बैग लटकाए और अपना नाम 'ईसा' रखकर शांति की खोज में भटक रहे हैं। हाल ही में पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और चित्राल की वादियों में एक्सेल पॉन्स का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह नंगे पैर चलते नजर आए, जिसके बाद दुनिया के सामने उनकी इस अनोखी और हैरान करने वाली यात्रा का खुलासा हुआ।
चैंपियन परिवार की विरासत और 10 साल का शानदार करियर
9 अप्रैल 1991 को बार्सिलोना में जन्मे एक्सेल पॉन्स का बचपन रेसिंग ट्रैक्स और ट्रॉफियों के बीच बीता। उन्होंने बार्सिलोना की ला सैले यूनिवर्सिटी से बिजनेस इंजीनियरिंग की डिग्री भी हासिल की थी। वर्ष 2008 में उन्होंने 125cc में डेब्यू किया और 2010 से लगातार मोटो2 वर्ल्ड चैंपियनशिप का हिस्सा रहे। अपने 10 साल के करियर में उन्होंने कुल 144 ग्रैंड प्रिक्स रेस में हिस्सा लिया और 179 अंक बनाए। इस दौरान 2016 में इटली के मुगेलो में उनका छठा स्थान सबसे बेहतरीन प्रदर्शन रहा। वह मार्क मार्केज, फ्रांसेस्को बगानिया, मावरिक विनाले और फैबियो क्वार्टारारो जैसे दिग्गज वर्ल्ड चैंपियन राइडर्स के साथ रेस कर चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रेसिंग के दिनों में उनकी नेट वर्थ 50 करोड़ रुपए से भी ज्यादा थी।