दुनिया के ज्यादातर देशों में आम लोग महंगाई, बढ़ते खर्च और नौकरी की अनिश्चितता से जूझ रहे हैं, वहीं सिंगापुर में प्रधानमंत्री और राजनीतिक पदाधिकारियों की सैलरी बढ़ाने का बड़ा फैसला लिया गया है। प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग की सालाना बेंचमार्क सैलरी S$2.2 मिलियन से बढ़कर S$3.6 मिलियन हो जाएगी। यानी उनकी सैलरी में करीब 64 फीसदी का इजाफा होगा। यह बदलाव 15 अक्टूबर 2026 से लागू होने वाला है।
सिर्फ प्रधानमंत्री ही नहीं, मंत्रियों की भी बढ़ेगी सैलरी
सिंगापुर सरकार ने केवल प्रधानमंत्री के वेतन में बदलाव नहीं किया है। मंत्रियों और अन्य राजनीतिक पदाधिकारियों के वेतन ढांचे में भी संशोधन किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे निचले ग्रेड के मंत्री का बेंचमार्क सालाना वेतन S$1.1 मिलियन से बढ़कर S$1.8 मिलियन किया जाएगा। डिप्टी प्रधानमंत्री का बेंचमार्क वेतन भी S$1.87 मिलियन से बढ़कर करीब S$3.06 मिलियन होगा। हालांकि वास्तविक भुगतान प्रदर्शन और जिम्मेदारियों के आधार पर चरणबद्ध तरीके से हो सकता है
सरकार ने क्यों लिया इतना बड़ा फैसला?
सिंगापुर सरकार का तर्क है कि देश को राजनीति में सक्षम और प्रतिभाशाली लोगों को आकर्षित करने के लिए प्रतिस्पर्धी वेतन देना जरूरी है। सरकार का वेतन ढांचा निजी क्षेत्र में शीर्ष कमाई करने वाले लोगों की आय को एक बेंचमार्क के तौर पर देखता है।
सरकार का यह भी मानना है कि राजनीतिक पदों पर पर्याप्त वेतन होने से भ्रष्टाचार के जोखिम को कम करने और बेहतर प्रशासन सुनिश्चित करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, इतनी बड़ी वेतन वृद्धि को लेकर सिंगापुर में बहस भी तेज हो गई है। आलोचकों का कहना है कि आम लोगों पर जीवन-यापन की लागत का दबाव है, ऐसे समय में नेताओं की सैलरी में भारी वृद्धि संवेदनशील मुद्दा है।